चूरू पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी, ISI के नाम से आया ई-मेल; मचा हड़कंप
Tuesday, Mar 10, 2026-06:18 PM (IST)
राजस्थान के चूरू में मुख्य डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। मंगलवार दोपहर एक धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। एहतियात के तौर पर डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र के पूरे परिसर को खाली करवा दिया गया।
कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया कि पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर के कर्मचारियों को अंग्रेजी में एक ई-मेल प्राप्त हुआ था। इसमें खुद को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़ा बताते हुए पांच साइनाइड से भरे आईईडी विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।
पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
ई-मेल में कुछ अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र करते हुए पासपोर्ट कार्यालय क्षेत्र को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। साथ ही बम निरोधक दस्ते और खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया।
पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी गहन जांच की, लेकिन तलाशी के दौरान किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
ई-मेल के स्रोत की जांच जारी
फिलहाल पुलिस इस ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। साइबर टीम तकनीकी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी भरा मेल कहां से भेजा गया था।
पासपोर्ट सेवा केंद्र के पर्यवेक्षक सरजीत कुमार चौहान ने बताया कि दोपहर करीब 12:40 बजे यह ई-मेल मिला था। इसके बाद तुरंत सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय को खाली करवा दिया गया। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है और स्थिति फिलहाल सामान्य है।
