चूरू में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5.55 लाख की ठगी, दो नामजद
Wednesday, Feb 25, 2026-04:13 PM (IST)
चूरू: शहर के कोतवाली थाना में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए हड़पने का मामला दर्ज हुआ है। पंखा सर्किल क्षेत्र की एक सोलर कंपनी में कार्यरत मैनेजर ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, धमकी और एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली बताकर मेडिकल विभाग में पहले लैब असिस्टेंट और बाद में लैब हेड सहायक पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया। विश्वास में लेकर उन्होंने अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 5 लाख 55 हजार रुपए ले लिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने एक कथित नियुक्ति पत्र भी दिया, जिस पर जॉइनिंग की तारीख अंकित थी।
निर्धारित तिथि पर जब पीड़िता संबंधित मेडिकल कॉलेज पहुंची तो वहां के अधिकारियों ने ऐसे किसी नियुक्ति पत्र के जारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने आरोपियों से संपर्क किया, लेकिन उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी सीओ चूरू को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
