चूरू में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज: प्रगणकों और सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण

Thursday, Apr 30, 2026-04:07 PM (IST)

चूरू जिले में जनगणना-2027 के पहले चरण की तैयारियों के तहत प्रगणकों और सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। बुधवार से शुरू हुए इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मकान सूचीकरण और गणना प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपखंड स्तरीय अधिकारियों ने जनगणना कार्य में सटीकता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनर जिले के 11 प्रमुख केंद्रों पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दे रहे हैं। इसमें मकानों की नंबरिंग, आवासीय स्थिति का आकलन और डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

चूरू में सुनील कुमार के निर्देशन में स्वामी गोपालदास गर्ल्स कॉलेज और लोहिया कॉलेज में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान आयुक्त अभिलाषा सिंह और उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. रामगोपाल सेपट ने प्रशिक्षण का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिले के अन्य उपखंडों में भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सरदारशहर में एसबीडी कॉलेज, भानीपुरा, सुजानगढ़, रतनगढ़, बीदासर और तारानगर में अलग-अलग केंद्रों पर अधिकारियों ने प्रशिक्षण की प्रगति का जायजा लिया।

प्रशासन का कहना है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना कार्य को अधिक व्यवस्थित, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सकेगा।


Content Editor

Ishika Jain

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News