Pali: पाली रेलवे स्टेशन पर गरजा बुलडोजर, अंग्रेजों के जमाने के भवन ढहाए, जानिए बदलाव की वजह

Thursday, Apr 23, 2026-05:29 PM (IST)

पाली : राजस्थान के पाली रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुए एक बड़े बदलाव में अंग्रेजों के जमाने में बने पुराने भवनों को बुलडोजर की मदद से जमींदोज कर दिया गया है। ये कदम रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के तहत उठाया गया है, जो कि अमृत भारत स्टेशन योजना का हिस्सा है। वर्ष 2027 तक पाली रेलवे स्टेशन का पूरी तरह से कायाकल्प हो जाएगा और इसे नया रूप मिलेगा।

 

स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के पीछे बने सभी क्वार्टर और इमारतों को तोड़ दिया गया है। इस जगह पर अब टीन की दीवारें बनाई गई हैं ताकि पत्थर, मिट्टी और मलबा प्लेटफार्म पर न आए। प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्रियों के विश्राम के लिए बना विश्राम गृह, रेलवे पुलिस चौकी, कैंटीन, पार्सल कार्यालय और रेलवे यार्ड के सभी भवनों को भी ध्वस्त कर दिया गया है। इन इमारतों के स्थान पर अब एक बड़ा मैदान बन चुका है।

 

यात्रियों के लिए प्रवेश हॉल में विश्राम स्थल भी तैयार किया गया है। प्रवेश द्वार के हॉल का आधा हिस्सा एल्यूमीनियम फ्रेम से बंद कर दिया गया है और उसमें यात्रियों के बैठने के लिए विश्राम स्थल तैयार किया गया है। साथ ही, फ्रेम की मदद से टॉयलेट भी बनाए गए हैं।

 

इसके अलावा, पार्सल कार्यालय और अन्य कार्यालयों को अंडरब्रिज की दिशा में नए भवनों में स्थानांतरित किया गया है, जिससे अब यात्रियों को जानकारी के लिए पूछताछ करनी पड़ रही है। प्लेटफार्म नंबर दो के पीछे स्थित वृद्धाश्रम के पास भी सभी भवनों को गिराकर उस क्षेत्र को मैदान में तब्दील किया गया है। यहां उत्तर दिशा की तरफ एक नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।

 

नए निर्माण के तहत, प्लेटफार्म पर 4308 वर्ग मीटर क्षेत्र में कवर ओवर प्लेटफार्म (सीओपी) का निर्माण किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बारिश और धूप से राहत मिल सके। इसके साथ ही, एक 6 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) भी बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों को प्लेटफार्म से दूसरी तरफ जाने में आसानी होगी। प्लेटफार्म पर 4 लिफ्ट और 4 एस्केलेटर भी लगाए जाएंगे।

 

26 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल शिलान्यास किया था।
निर्माण कार्य जनवरी 2026 के अंत में शुरू हुआ था।
शिलान्यास के समय रेलवे स्टेशन का निर्माण 293.73 करोड़ रुपए से होने वाला था, लेकिन अब इसे 96.26 करोड़ रुपए में पूरा किया जा रहा है।
स्टेशन के दोनों प्रवेश द्वारों में से एक वर्तमान प्रवेश दिशा में होगा और दूसरा वृद्धाश्रम की दिशा में होगा।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News