होली का बहाना, पत्थर की वार से भाई की हत्या: देवगढ़ में सगीरिश्तों का शर्मसार करने वाला मामला

Thursday, Apr 02, 2026-03:01 PM (IST)

राजसमंद। राजस्थान के देवगढ़ थाना क्षेत्र में बीमा राशि हड़पने की लालच में एक भाई ने अपने ही सगे भाई की हत्या कर दी। मामला होली के बहाने बुलाकर उसके साथ क्रूर व्यवहार करने और हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने का है। पुलिस ने गहन जांच के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

मुख्य आरोपी दुधसिंह उर्फ दिनेश सिंह ने अपने भाई देवीसिंह के नाम पर पहले ही मोटी रकम की दुर्घटना बीमा पॉलिसियां करवा रखी थीं। करीब 4-5 महीने पहले की गई साजिश के तहत होली के बहाने देवीसिंह को गुजरात से बुलाया गया। 6 मार्च 2026 को आरोपियों ने उसे शराब पिलाई और मोबाइल फ्लाइट मोड में डालकर सुनसान जगह पर ले गए। वहाँ दुधसिंह और अन्य आरोपियों ने पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या को हादसा दिखाने के लिए शव को कुण्डेली रोड पर मोटरसाइकिल के पास गिरा दिया गया।

 

अगले दिन आरोपी खुद थाने पहुंचे और एक्सीडेंट की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई। लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच में कॉल डिटेल्स और लोकेशन ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। डिप्टी राकेश शर्मा की गहन पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों में दुधसिंह उर्फ दिनेशसिंह (मृतक का भाई), भगवानसिंह (बडावास बगड़), सुरेन्द्रसिंह (गणेशपुरा रावली, ब्यावर) और टीकमसिंह (मील का पुट्टा, भीम) शामिल हैं।

 

मामले में बगड़ ग्रामवासियों की सक्रियता निर्णायक साबित हुई। उन्होंने 20 दिनों तक लगातार प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ा। विधायक सुदर्शन सिंह रावत ने भी स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो थाने का घेराव किया जाएगा। इसके बाद पुलिस ने मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

 

देवगढ़ थानाधिकारी मुकेश कुमार चौधरी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने मामले की जांच और गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने अपराध के खुलासे के बाद भावुक माहौल देखा, जिससे इसे समाज की एक बड़ी जीत माना जा रहा है। यह मामला रिश्तों में विश्वासघात और अपराध की भयावहता का भयानक उदाहरण साबित हुआ है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News