झुंझुनूं में आज होगा ब्लैकआउट, आपातकाल मॉक ड्रिल को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट

Friday, Apr 24, 2026-07:03 PM (IST)

झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में 24 अप्रैल, गुरुवार की रात 10 बजे से 10:15 बजे तक 15 मिनट के लिए पूरा जिला अंधेरे में डूब जाएगा। इस दौरान शहर में सायरन भी बजेंगे, और प्रशासन की ओर से सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस अवधि में सभी प्रकार की रोशनी वाले उपकरणों को बंद कर दें। यह कोई आपातकाल या खतरे की स्थिति नहीं है, बल्कि यह एक महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य नागरिक सुरक्षा तैयारियों का परीक्षण करना है।

 

जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि यह ड्रिल हवाई हमले से बचाव की तैयारियों को परखने के लिए किया जा रहा है। इस दौरान प्रशासन यह देखेगा कि शहर कितनी तेजी से ब्लैकआउट में जा सकता है, जो युद्ध जैसी स्थितियों में महत्वपूर्ण माना जाता है। ड्रिल के दौरान, सायरन बजने के बाद, शहर की बिजली सप्लाई बंद कर दी जाएगी, और पूरा शहर 15 मिनट तक अंधेरे में रहेगा।

 

डॉ. गर्ग ने कहा कि यह अभ्यास नागरिक सुरक्षा (Civil Defense) को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की प्रतिक्रिया और सुरक्षा तंत्र की प्रभावशीलता को परखा जा सके। यह मॉक ड्रिल एयर स्ट्राइक और ब्लैकआउट की स्थिति में इमरजेंसी टीमों की प्रतिक्रिया समय की जांच करने में मदद करेगी।

 

सभी नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे इस दौरान घबराएं नहीं। यदि आप रात 10 से 10:15 बजे के बीच सड़क पर हैं, तो कृपया अपने वाहन की हेडलाइट बंद कर साइड में गाड़ी रोक लें। प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अफवाहें या भ्रामक जानकारी न फैलाएं।

 

डॉ. गर्ग ने यह भी कहा कि यह ड्रिल केवल प्रशासन की तैयारी को जांचने का एक तरीका है। वे चाहते हैं कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में नागरिक सजग और प्रशिक्षित रहें, ताकि वे किसी भी संकट से निपटने के लिए तैयार रहें।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News