राष्ट्रपति मुर्मू के प्रोटोकॉल उल्लंघन के विरोध में भाजपा अनु. जनजाति मोर्चा ने सौंपा ज्ञापन

Wednesday, Mar 11, 2026-06:29 PM (IST)

बारां । राजस्थान के बारां जिले में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रोटोकॉल उल्लंघन के विरोध में भारत सरकार के गृहमंत्री के नाम उप जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद मीणा, सीसवाली अध्यक्ष पुष्पदयाल मीणा भी मौजूद रहे।

मोर्चा के संयोजक महावीर मीणा ने बताया कि हाल ही में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रोटोकॉल की अनदेखी की गई, जो देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद का अपमान है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि प्रोटोकॉल के अनुसार राज्य सरकार की ओर से मुख्यमंत्री या किसी वरिष्ठ मंत्री द्वारा राष्ट्रपति का स्वागत किया जाना अपेक्षित था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल में अंतिम समय में परिवर्तन, कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्ग की अव्यवस्था तथा राष्ट्रपति के लिए बनाए गए विश्राम कक्ष में मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसी गंभीर कमियां भी सामने आईं। 

भाजपा जिला प्रवक्ता योगेश राजोरा ने बताया कि राष्ट्रपति देश की सर्वोच्च संवैधानिक पदाधिकारी हैं और उनके प्रोटोकॉल का उल्लंघन न केवल राष्ट्रपति पद का अपमान है बल्कि यह संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के भी विपरीत है। इस प्रकार की घटनाएं आदिवासी समाज की भावनाओं को आहत करती हैं। इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पदाधिकारी रमेशचन्द्र मीणा, जसवंत मीणा, पप्पु मीणा, मुकेश मीणा, हेमंत मीणा, बृजराज मीणा, हरिराम मीणा, बृजेश मीणा, ओम मीणा, बालमुकुंद मीणा, त्रिलोक मीणा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मोर्चा पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News