टोंक में बीजेपी की मेगा सभा कल: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पहला राजस्थान दौरा

Sunday, Apr 26, 2026-04:35 PM (IST)

राजस्थान की राजनीति में टोंक एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। 27 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी यहां मेगा सभा करने जा रही है, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शामिल होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला राजस्थान दौरा होगा, जिसे पार्टी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

पायलट के गढ़ में बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन
टोंक विधानसभा सीट कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट का मजबूत गढ़ मानी जाती है। ऐसे में बीजेपी की यह मेगा सभा सीधे तौर पर राजनीतिक संदेश देने वाली मानी जा रही है।

7 नए पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन
इस दौरे के दौरान टोंक में बीजेपी के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के छह अन्य जिलों में बने पार्टी कार्यालयों का वर्चुअली लोकार्पण भी किया जाएगा। इसके बाद बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ एक बड़ी जनसभा आयोजित होगी, जिसमें संगठन को और मजबूत करने पर जोर रहेगा।

11 जगहों पर होगा भव्य स्वागत
सभा को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक 11 अलग-अलग स्थानों पर पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी की गई है।

तैयारियों में जुटे बड़े नेता
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पहले ही सभा स्थल का निरीक्षण कर पूजन किया है। वहीं कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी और हीरालाल नागर भी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News