भाजपा ने हर्षोल्लास से मनाई डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती
Wednesday, Apr 15, 2026-12:12 PM (IST)
भीलवाड़ा । समानता और सामाजिक न्याय के प्रणेता, भारतीय संविधान के शिल्पकार 'भारत रत्न' बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती भाजपा जिला संगठन द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। बाबा साहेब की मूर्ति पर माल्यार्पण के पश्चात दोपहर में मुख्य समारोह कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने की एवं सान्निध्य पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया, पूर्व विधायक विट्ठल शंकर अवस्थी एवं वरिष्ठ नेता पेंटर सूरज का रहा।
जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने आमजन से बाबा साहेब के मूलमंत्र शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्होंने करोड़ों लोगों को नई राह दिखाई है। बाबा साहब के विचार हम सभी को सामाजिक समरसता, समानता और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि भारतीय संविधान के मुख्य शिल्पी बाबा साहेब के विचार हमारे लिए प्रेरणापुंज हैं। हिंदू कोड की रचना और महिलाओं को संपत्ति में समान अधिकार की बात भी डॉ अंबेडकर ने ही की है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलते हुए महिलाओं को आगे बढ़ाने और उनको अधिकार दिलाने के लिए कृत संकल्पित है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम भी इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने बाबा साहेब को सर्व समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत एवं मार्गदर्शक बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने की बात कही। इससे पूर्व डॉ अंबेडकर की तस्वीर पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ समारोह की शुरुआत हुई। शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल ने सभी का स्वागत किया। समारोह का संचालन जिला महामंत्री प्रहलाद त्रिपाठी ने किया। अंत में आभार चंद्रप्रकाश सिसोदिया ने प्रकट किया।
डॉ.अंबेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए
भाजपा जिला संगठन ने मंगलवार को जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा के नेतृत्व एवं विधायक दीप्ति माहेश्वरी, पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया के सान्निध्य में अम्बेडकर सर्किल स्थित बाबा साहेब की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर बाबा साहेब अमर रहे और भारत माता की जय के उद्घोष से कार्यकर्ताओं ने समूचे वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
समारोह में भाजपा जिला महामंत्री अविनाश जीनगर, मंजू चेचाणी, कल्पेश चौधरी, गोपाल तेली, कुलदीप शर्मा, विशाल गुरुजी, सुरेंद्र सिंह मोटरास, ललिता कंवर, किस्मत गुर्जर, आरती कोगटा, लादूलाल जाट, ललित अग्रवाल, अंकुर बोरदिया, शशांक बिड़ला, भूपेंद्र सिंह बिलिया, अनिल सिंह जादौन, अभिश्रुता सोलंकी, रागिनी गुप्ता, पूरण डीडवानिया, महेंद्र मीणा, भगवत सिंह खैराबाद, मंजू पालीवाल, विधानसभा संयोजक विजय पोखरना, मंडल अध्यक्ष नागेन्द्र सिंह राव, मुकेश सोनी, यशोवर्धन सेन, हरीश सालवी, मुकेश चेचाणी, आकाश मालावत, महेंद्र नायक, मुकेश शर्मा, दयाराम दिव्य, मनीष जांगिड़, पंकज क्षोत्रिय, पुनीत प्रताप सिंह, दलीचंद गाडरी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
