जालोर को बड़ी सौगात: जोधपुर-साबरमती ट्रेन अब जैसलमेर तक, सफर और होगा आसान

Saturday, Mar 21, 2026-02:58 PM (IST)

जोधपुर: जालोर जिले के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेल मंत्रालय ने जोधपुर-साबरमती सुपरफास्ट ट्रेन का विस्तार जैसलमेर तक करने की मंजूरी दे दी है। इससे जालोर और आसपास के यात्रियों को सीधा लाभ होगा और पश्चिमी राजस्थान की रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।

 

यह ट्रेन रोज साबरमती से सुबह 7 बजे रवाना होकर दोपहर 2:55 बजे जोधपुर पहुंचेगी। जोधपुर से यह ट्रेन 3:10 बजे जैसलमेर के लिए रवाना होगी और रात 8:30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सुबह 6:30 बजे जैसलमेर से रवाना होकर 11:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। जोधपुर से यह 11:50 बजे साबरमती के लिए रवाना होगी और रात 8 बजे साबरमती पहुंचेगी।

 

रेलवे बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और जल्द ही इस ट्रेन के संचालन की तारीख भी घोषित की जाएगी। इस नए रूट के साथ जालोर के यात्रियों को जैसलमेर तक सीधा यात्रा करने की सुविधा मिल जाएगी। पहले यात्रियों को जोधपुर या अन्य स्टेशनों पर ट्रेन बदलनी पड़ती थी, लेकिन अब यह नया मार्ग उन्हें बिना किसी बदलाव के सीधे जैसलमेर पहुंचाएगा।

 

यह निर्णय सिर्फ यात्री सुविधा के लिहाज से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि इस फैसले से क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और स्थानीय आवागमन में भी नई गति आएगी। विशेष रूप से जैसलमेर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल तक सीधी ट्रेन सेवा मिलने से यात्रियों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।

 

इस फैसले से पूरे पश्चिमी राजस्थान में रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इस ट्रेन के विस्तार से जालोर, सिरोही, पाली, और अन्य आसपास के क्षेत्रों के लोग भी अब जैसलमेर जैसे प्रमुख स्थलों तक आसानी से यात्रा कर सकेंगे।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News