भंवरी देवी के परिवार को न्याय दिलाने को फिर उठी आवाज, धोलिया से रामदेवरा तक शुरू हुई पदयात्रा

Sunday, Sep 20, 2026-03:15 PM (IST)

जैसलमेर। राजस्थान के फलोदी जिले के लोहावट थाना क्षेत्र के जंभेश्वरनगर में बहुचर्चित भंवरी देवी विश्नोई कांड और उनकी दो बेटियों पर हुए हमले के मामले में न्याय की मांग एक बार फिर उठी है। मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर लाठी क्षेत्र के धोलिया गांव से रामदेवरा तक शांतिपूर्ण पदयात्रा शुरू की गई है। पदयात्रा का नेतृत्व शारदा मारवाड़ी कर रही हैं।

 

आयोजकों के अनुसार, घटना को करीब 55 दिन बीत जाने के बावजूद मामले का खुलासा नहीं होने से पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। इसी मांग को लेकर धोलिया से रामदेवरा तक पदयात्रा निकाली जा रही है। पदयात्री रामदेवरा पहुंचकर बाबा रामदेवजी के समाधि स्थल पर भंवरी देवी के परिवार को न्याय मिलने की प्रार्थना करेंगे।

 

शारदा मारवाड़ी ने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य किसी तरह का विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि शांतिपूर्ण तरीके से न्याय, सत्य और सद्भावना का संदेश देना है। उन्होंने विभिन्न समाजों और छत्तीस कौम के लोगों से पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। आयोजकों का कहना है कि न्याय की राह भले ही लंबी हो, लेकिन पीड़ित परिवार के लिए न्याय की आवाज लगातार उठाते रहना जरूरी है।

 

पदयात्रा के दौरान श्रद्धालु बाबा रामदेवजी महाराज के जयकारे लगाते हुए रामदेवरा की ओर रवाना हुए। रामदेवरा पहुंचने के बाद समाधि स्थल पर विशेष प्रार्थना की जाएगी। इस दौरान भंवरी देवी के परिवार को न्याय मिलने और पूरे मामले का जल्द खुलासा होने की कामना की जाएगी।

 

पदयात्रा में महिलाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों के मुताबिक, यात्रा को सामाजिक एकजुटता और शांतिपूर्ण न्याय की मांग के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। पदयात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि पीड़ित परिवार की आवाज को मजबूती से उठाना समाज की जिम्मेदारी है और शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग जारी रहनी चाहिए।

 

पदयात्रा में शारदा मारवाड़ी के साथ शोभा बिश्नोई, सुमन जाजूदा, शारदा बिश्नोई ढाका, मोहनलाल जाजूदा, राजाराम बिश्नोई, शिव बिश्नोई, कमला विश्नोई, निरमा जाजूदा, सुशीला बिश्नोई, माया बिश्नोई, एलची अध्यापक, धापू बिश्नोई और कमलेश बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य लोग शामिल हुए।

 

पदयात्रा के आयोजकों ने कहा कि बाबा रामदेवजी के दरबार में पहुंचकर पीड़ित परिवार के लिए न्याय की प्रार्थना की जाएगी। साथ ही प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग की गई है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News