दौसा में विधायक भागचंद टांकड़ा का PMO पर बड़ा हमला, बोले- नौकरशाह होकर नेतागिरी करता है
Friday, May 22, 2026-08:17 PM (IST)
राजस्थान के दौसा कलेक्ट्रेट में आयोजित दिशा समिति की बैठक के दौरान जिला अस्पताल के पीएमओ को लेकर जमकर विवाद देखने को मिला। बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा ने जिला अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पीएमओ की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।
बैठक में विधायक ने कहा कि यह लगातार तीसरी बार है जब पीएमओ दिशा समिति की बैठक में अनुपस्थित रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन में अव्यवस्थाएं बढ़ रही हैं और अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से नहीं निभा रहे। विधायक ने कहा कि जिला अस्पताल किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं है और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए।
पीएमओ की अनुपस्थिति पर जब प्रतिनिधि के रूप में मौजूद डॉ. जमशेद खान ने बताया कि अस्पताल में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण पीएमओ बैठक में शामिल नहीं हो सके, तब विधायक टांकड़ा और अधिक नाराज हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में स्टाफ की नियुक्तियों और व्यवस्थाओं में अनियमितताएं हो रही हैं।
बैठक के दौरान अन्य जनप्रतिनिधियों और समिति सदस्यों ने भी अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा सहित कई सदस्यों ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता बताई।
दिशा समिति के सदस्य घनश्याम शर्मा ने सिलिकोसिस मरीजों से जुड़े मामलों में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्ड बनवाने के नाम पर लोगों से पैसे लिए जा रहे हैं, जबकि वास्तविक मरीज परेशान हो रहे हैं। वहीं सदस्य मक्खन गुर्जर ने ब्लड बैंक व्यवस्था को लेकर शिकायत करते हुए कहा कि रक्तदान के बावजूद जरूरतमंद मरीजों को समय पर ब्लड उपलब्ध नहीं हो पाता।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा पेयजल, सड़क और विकास कार्यों से जुड़े कई मुद्दों पर भी चर्चा हुई। विधायक टांकड़ा ने ईसरदा पाइपलाइन परियोजना में अनियमितताओं के आरोप लगाए, जबकि अन्य जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई, पेयजल और सड़क निर्माण की समस्याएं उठाईं।
दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने जिला कलेक्टर से पीएमओ के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजने की बात कही। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े विकास कार्यों और लंबित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
