बांदीकुई में लूट की घटनाओं को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस को 10 दिन का अल्टीमेटम
Friday, Mar 06, 2026-06:54 PM (IST)
बांदीकुई क्षेत्र में महिलाओं के साथ बढ़ रही लूट की घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक जीआर खटाणा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डिप्टी एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
दोपहर करीब 12:30 बजे कांग्रेस कार्यकर्ता सिकंदरा रोड से रैली के रूप में निकलकर डीएसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान डीएसपी रोहिताश्व देवंदा ने कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लिया और उनकी शिकायतें सुनीं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बताया कि बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ समय से महिलाओं के साथ दिनदहाड़े लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं। उनका कहना था कि पिछले 15 दिनों में सबड़ावली, उपरेड़ा, गिरधरपुरा, हरिपुरा और अनंतवाड़ा गांवों में ऐसी वारदातें हो चुकी हैं, जहां बदमाशों ने महिलाओं से जेवर छीन लिए। आरोप लगाया गया कि शिकायतों के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों को पकड़ने में सफल नहीं हुई है।
इस दौरान पूर्व विधायक जीआर खटाणा ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इलाके में ड्रग्स माफिया सक्रिय हो रहे हैं और यदि समय रहते उन पर कार्रवाई नहीं की गई तो कई परिवार प्रभावित हो सकते हैं।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस को लूट और नशे के मामलों में कार्रवाई के लिए 10 दिन का समय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामजीलाल औढ़, पायलट किसान संगठन के प्रदेश महासचिव रतन पटेल, बसवा प्रधान सीताराम मीणा, महादेव खूंटला, पूर्व प्रधान प्रेमदेवी मीणा, नगर अध्यक्ष कैलाश बैरवा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
