वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में राजस्थान का नाम रोशन करने वाले अमित कुमार शर्मा सम्मानित

Saturday, Aug 15, 2026-01:00 PM (IST)

भरतपुर । 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भरतपुर जिला मुख्यालय में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में नदबई निवासी अमित कुमार शर्मा को वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। जिला कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी ने उन्हें प्रशस्ति प्रदान कर उनकी उपलब्धि की सराहना की।

अमित कुमार शर्मा 19 जनवरी 2015 को किडनी ट्रांसप्लांट प्राप्तकर्ता बने थे। प्रत्यारोपण के बाद भी उन्होंने हौसला नहीं खोया और अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया कि ट्रांसप्लांट के बाद भी व्यक्ति सामान्य और सक्रिय जीवन जी सकता है।

शर्मा नियमित रूप से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ट्रांसप्लांट गेम्स में हिस्सा लेते हैं। वर्ष 2025 में आयोजित वर्ल्ड ट्रांसप्लांट गेम्स में उन्होंने राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए तीरंदाजी (Archery) में रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने राजस्थान और भरतपुर का गौरव बढ़ाया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद अमित कुमार शर्मा ने कहा, “मैं इस सम्मान को सभी अंगदाताओं और उनके परिजनों को समर्पित करता हूं। मेरा उद्देश्य युवाओं और मरीजों को प्रेरित करना है कि अंगदान से जीवन मिलता है और खेल से जीवन में नई ऊर्जा आती है।”

इस अवसर पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अमित कुमार शर्मा की उपलब्धि अंगदान के महत्व के साथ-साथ ट्रांसप्लांट के बाद जीवन को सकारात्मक तरीके से आगे बढ़ाने की प्रेरणादायक मिसाल है।
 


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए