Rajasthan ACB News: रणजीतपुरा में भ्रष्टाचार विरोधी अभियान, शिकायत प्रक्रिया की दी जानकारी
Tuesday, Jul 14, 2026-04:33 PM (IST)
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत रणजीतपुरा में जन-जागरूकता अभियान आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को रिश्वतखोरी के दुष्परिणामों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और एसीबी की कार्रवाई संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही लोगों से भ्रष्टाचार के खिलाफ सजग रहने और रिश्वत नहीं देने का संकल्प भी दिलाया गया।
यह अभियान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो राजस्थान के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एसीबी) सुधा पालावत के निर्देशन में आयोजित किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण तभी संभव है, जब आम नागरिक बिना डर के इसकी शिकायत करें और ऐसे मामलों में प्रशासन का सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान एसीबी टीम के अधिकारियों ने ट्रैप कार्रवाई की प्रक्रिया, शिकायत दर्ज कराने के नियम और भ्रष्टाचार निरोधक कानूनों की जानकारी विस्तार से साझा की। उन्होंने बताया कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत एसीबी को की जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाती है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी सरकारी कार्य के लिए अवैध भुगतान न करें। यदि कहीं रिश्वत मांगी जाती है, तो इसकी सूचना एसीबी हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप नंबर 94135-02834 पर उपलब्ध कराई जा सकती है। उनका कहना था कि भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी व्यवस्था के लिए आमजन की भागीदारी बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अभियान में भाग लिया।
