उच्च शिक्षा के छात्रहितों को लेकर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से मिला एबीवीपी का प्रतिनिधिमंडल, सौंपा ज्ञापन
Wednesday, Jul 08, 2026-07:23 PM (IST)
जयपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय मंत्री हर्षित ननोमा के नेतृत्व में परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा से मुलाकात कर राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न छात्रहितों के मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालयों में कुलगुरुओं की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने तथा राज्य पात्रता परीक्षा (SET) आयोजित किए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और विद्यार्थी-केंद्रित बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।
ज्ञापन में एबीवीपी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। परिषद ने सुझाव दिया कि पाठ्यक्रम निर्माण, क्रियान्वयन और मूल्यांकन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए राज्य स्तरीय अकादमिक मॉनिटरिंग तंत्र विकसित किया जाए, जिससे विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता को और मजबूत बनाया जा सके।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न छात्रहितों के मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया। परिषद का कहना है कि इन सुझावों के लागू होने से राजस्थान की उच्च शिक्षा व्यवस्था अधिक पारदर्शी, आधुनिक और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप बन सकेगी।
उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और छात्रहित से जुड़े सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
