पाक बॉर्डर पर मिले 2 पीले पैकेट, 1 किलो हेरोइन बरामद; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड़ पर
Monday, Mar 02, 2026-07:49 PM (IST)
श्रीगंगानगर: श्रीगंगानगर जिले के पाकिस्तानी सीमा क्षेत्र के पास रविवार को दो पीले रंग के पैकेट बरामद होने से सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड में हैं। यह कार्रवाई बीएसएफ और पुलिस द्वारा चलाए जा रहे लगातार सर्च अभियान के दौरान हुई।
खाजूवाला के गांव 24 केएनडी में 27 फरवरी को भारी हथियारों की खेप मिलने के बाद बीएसएफ और पुलिस लगातार भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी और सर्च अभियान चला रही थी। इसी अभियान के तहत रावला के गांव 4 बीडी में वन विभाग की भूमि पर दो पैकेट गिरे हुए पाए गए।
सूचना मिलते ही खाजूवाला डीएसपी अमरजीत चावला और अनूपगढ़ डीएसपी प्रशांत कौशिक घटनास्थल पर पहुंचे। पैकेट खोलने पर उनमें से एक पैकेट में कुल 1 किलो हेरोइन बरामद हुई। सुरक्षा एजेंसियों का अनुमान है कि यह हेरोइन पाकिस्तान में बैठे नशा तस्करों द्वारा ड्रोन या अन्य माध्यम से सीमा में छोड़ा गया होगा।
डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया कि 2 दिन पहले हथियारों की भारी खेप मिलने के बाद से ही बीएसएफ और पुलिस पूरी तरह सतर्क हैं। सीमा के आसपास बसे गांवों और खेतों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में स्थानीय पुलिस, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मिलकर पूरे क्षेत्र की निगरानी तेज कर दी है।
मौके पर बरामद पैकेटों और हेरोइन को जब्त कर लिया गया है, और मामले की जांच जारी है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि हेरोइन कौन मंगवाया था। सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में अलर्ट मोड़ पर हैं और सीमा के अन्य हिस्सों में भी सर्च अभियान तेज कर दिया गया है।
स्थानीय प्रशासन और बीएसएफ का कहना है कि इस कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी के प्रयासों पर प्रभावी नजर रखी जा सकेगी। लोगों को आश्वस्त किया गया है कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ सीमावर्ती इलाकों की निगरानी कर रही हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोकने के लिए तैनात हैं।
