Dholpur News: पनीर की दूषित सब्जी खाना पड़ा महंगा, एक ही परिवार 11 लोग अस्पताल में भर्ती
Saturday, Jul 11, 2026-12:17 PM (IST)
धौलपुर। आजकल दूषित खाना खाने की वजह से लोगों की तबीयत खराब होने की खबरें लगातार आ रही हैं और इसकी कड़ी में बड़ी खबर धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के लूला का पुरा गांव से सामने आई। खबर है कि यहां पर दूषित खाना खाने से एक ही परिवार के 11 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
रात का बचा हुआ पनीर सुबह खाया
जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले परिवार में एक बच्ची का जन्मदिन मनाया गया था। इस मौके पर घर में पनीर की सब्जी बनाई गई थी। बताया जा रहा है कि रात का बचा हुआ पनीर अगले दिन सुबह परिवार के सदस्यों ने दोबारा खा लिया। इसके कुछ समय बाद एक-एक कर सभी लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
इसको लेकर जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह ने बताया कि लूला का पुरा गांव से 11 मरीज अस्पताल पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में सभी को फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य और स्थिर है तथा चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
