दुबई से 106 लोग सुरक्षित जोधपुर लौटे: माहेश्वरी इन यूएई ग्रुप ने फ्री ठहरने-रहने और भोजन की सुविधा दी
Friday, Mar 06, 2026-05:13 PM (IST)
जोधपुर। दुबई में अचानक एयरस्पेस बंद होने के कारण बड़ी संख्या में भारतीय यात्री फंसे रहे। इनमें जोधपुर के अमृतराम महाराज के साथ माहेश्वरी समाज के 120 लोग शामिल थे, जो दुबई की यात्रा पर गए थे। फ्लाइट रद्द होने और एयरलाइन सेवाओं में बाधा आने के कारण ये सभी यात्री दुबई में फंसे रहे और अपने देश लौटने के लिए मार्ग तलाश रहे थे।
इस स्थिति में माहेश्वरी इन यूएई ग्रुप ने फंसे हुए राजस्थानियों की मदद के लिए तुरंत कदम उठाया। दुबई फाल्कन्स-41 क्लब के संचालक और अजमेर के मदार निवासी कारोबारी श्रीकांत साबू ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस बारे में जानकारी मिली, उन्होंने समूह के सदस्यों के ठहरने और भोजन की मुफ्त व्यवस्था की।
इस पहल के तहत दुबई में फंसे लोगों को सुरक्षित ठहरने और नियमित भोजन की सुविधा दी गई। समूह के संचालक सिद्धार्थ जाजू (घाड़) और सुरेश सोमानी (पुणे) ने भी इस प्रयास में सक्रिय भूमिका निभाई और सभी 106 यात्रियों को भारत लौटने में मदद की।
जोधपुर लौटने वाले 106 यात्रियों में 76 लोग कोच्चि के रास्ते और 30 लोग अहमदाबाद होते हुए सूर्यनगरी जोधपुर पहुंचे। इस दौरान सभी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।
अमृतराम महाराज ने कहा कि दुबई में फंसे होने के बावजूद यह प्रयास यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। उन्होंने माहेश्वरी इन यूएई ग्रुप और उनके सदस्यों की सराहना की, जिन्होंने नि:शुल्क ठहरने, खाने-पीने और यात्रा की व्यवस्था करके लोगों की परेशानी को कम किया।
श्रीकांत साबू ने कहा कि इस तरह की मदद समुदाय और समाज के लिए बेहद जरूरी है। संकट के समय एकजुट होकर जरूरतमंदों की सहायता करना सामाजिक जिम्मेदारी है। इस प्रयास ने दिखाया कि भारतीय समुदाय विदेश में भी एक-दूसरे के लिए हमेशा खड़ा रहता है।
