राजस्थान: BJP नेता कटारिया का कांग्रेस पर हमला, कहा- भुगतना होगा अपनी करनी का फल

1/20/2021 3:49:27 PM

जयपुर/ ब्यूरो। राजस्थान के उदयपुर शहर से भाजपा के विधायक गुलाबचंद कटारिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को अपनी करनी का फल भविष्य में झेलना पड़ेगा। उन्होंने कहा आज शहरी निकाय चुनाव में वार्डों का परिसीमन इस कदर किया कि भले आज कांग्रेस को इसका फायदा मिल जाए लेकिन भविष्य में यह उनके लिए मुसीबत लेकर आने वाला है। गुलाबचंद कटारिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सीधा हमला है और कहा कि अल्पसंख्यकों बहुल इलाकों के मतदाताओं के हिसाब से वार्ड बनाए गए हैं। कटारिया ने कहा कि कांग्रेस ने अपने फायदे के लिए नए वार्ड गठित किए है।

कांग्रेस पर कटारिया का हमला
भाजपा विधायक ने कहा कि प्रदेश में अगली सरकार पूनिया या कटारिया की नहीं, बल्कि भाजपा की बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता महत्व रखते हैं। कटारिया ने कहा कि राज्य में सरकार गिराने का काम भाजपा नहीं कर रही है और ना ही पहले किया है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि सब जानते हैं, कांग्रेस खुद बंटी हुई है। भाजपा के प्रदेश में 71 विधायक हैं, ऐसे में सरकार गठन संभव ही नहीं। 

भाजपा में किसी तरह का अंतर्कलह के सवाल पर कटारिया ने कहा कि, भाजपा में किसी नेता विशेष की नहीं चलती और अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा, यह कोई नेता तय नहीं करता, इसका फैसला कार्यकर्ता करते हैं। उन्होंने कहा कि, पार्टी आलाकमान ही निर्णय करेंगे कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बारे में सवाल पर कटारिया चुप रहें।

कांग्रेस के राज में बढ़ा भ्रष्टाचार
वहीं कटारिया ने राज्य की अशोक गहलोत सरकार पर हमला करके हुए कहा कि दो साल के कार्यकाल में जनता से जुड़ा कोई काम नहीं हुआ। जिन वादों पर सरकार चुनकर आई उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य में वादा पूरा नहीं हुआ लेकिन एक बड़ी उपलब्धि रही कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया और महिलाओं तथा अनुसूचित जाति-जनजातियों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ गई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी सब भ्रष्टाचार में डूबे हैं।

आय के साधनों में आई 75% की कमी
कटारिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार के तहत राज्य में आय के साधनों में 75% की कमी हुई और विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गया, सरकार को आम जनता से जुड़े विकास कार्यों की कोई चिंता नहीं। वे होटल में आपसी लड़ाई सुलझाने में व्यस्त है।

कटारिया ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के आधार पर लागू किए कृषि कानूनों को देश और किसानों के लिए बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता किसानों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। कटारिया ने कहा कि कांग्रेस के नेता पिछले साठ सालों में जो काम नहीं कर पाए, बीजेपी ने वह महज छह साल में पूरा कर दिखाया। 

Chandan

Advertising