CWC की बैठक कल, राहुल तैयार नहीं हुए तो गहलोत बनाए जा सकते हैं कांग्रेस अध्यक्ष

1/21/2021 12:30:03 PM

जयपुर/ब्यूरो। कांग्रेस (Congress) के अध्यक्ष पद के लिए एक बार फिर से पार्टी के अंदर कवायद शुरू हो गई है। अगर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाने की बात करे तो पार्टी के सदस्यों के बीच एक नए नाम का शोरगुल है।

 

कौन है वो चेहरा
कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलौत का नाम सामने आ रहा है। एक तरफ जहां राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत अपने मंत्रीमंडल का विस्तार करने करने की बात कर रहे हैं तो वहीं दूसरी तरफ पार्टी के अंदर उन्हें दिल्ली बुलाकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की बात की जा रही है। आपको बता दें कि अभी तक इसके लिए राहुल गांधी ने हामी नहीं भरी कि वो कांग्रेस का अध्यक्ष पद संभालने के लिए तैयार है। इसलिए पार्टी के अंदर के एक खेमे ने गहलोत के सिर पर ये ताजपोशी करने की बात कही है।

 

सोनिया जल्द लेना चाहती है फैसला
इस वक्त कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी भी पार्टी के नए अध्यक्ष का फैसला लेना चाहती हैं। वो भी चाहती हैं कि जल्द से जल्द पार्टी को एक स्थाई अध्यक्ष मिल जाए। इसलिए पार्टी राहुल गांधी को बार-बार मना रही है कि वो अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल लें। आपको बता दें कि हाल ही में विदेश से लौटने के बाद एक बार फिर से राहुल गांधी के समर्थक उन्हें फिर से पार्टी के अध्यक्ष पद संभालने के लिए मना रहे हैं।

 

राहुल गांधी को मनाने की पूरी कोशिश
सोनिया गांधी के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि पहले हम राहुल गांधी को मनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं कि वो किसी भी हालत में पार्टी के अध्यक्ष पद को संभालने के लिए तैयार हो जाए। हालांकि अभी तक उनकी मेहनत रंग नहीं लाई है। सभी का यही मानना है कि पार्टी को एक स्थाई अध्यक्ष की जरूरत है। इसलिए वो चाहते हैं कि जल्द से जल्द पार्टी को एक अध्यक्ष मिल जाए। अगर राहुल गांधी नहीं मानते हैं तो किसी वरिष्ठ नेता को इसके लिए तैयार करना होगा। 

 

सूत्रों की मानें तो अध्यक्ष पद के लिए पिछले साल ही कई नाम सामने आए थे जिसमें एक नाम अशोक गहलोत का भी था लेकिन फिर पार्टी में ही कुछ नेताओं की वजह से वो मुख्यमंत्री के पद को छोड़ने को तैयार नहीं थे। अब पार्टी में एक खेमे का ये कहना है कि गहलोत दिल्ली आते है या नहीं ये फैसला गहलोत को ही लेना है।

 

कांग्रेस ने 22 जनवरी को CWC की बैठक बुलाई
कांग्रेस ने 22 जनवरी को अपनी शीर्ष नीति निर्धारण इकाई कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक बुलाने का फैसला किया है जिसमें पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव की पक्रिया को लेकर चर्चा हो सकती है। सूत्रों की मानें तो सीडब्ल्यूसी की यह डिजिटल बैठक शुक्रवार को सुबह होगी। इस बैठक में नए अध्यक्ष के चुनाव के साथ किसान आंदोलन और कुछ अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। 

माना जा रहा है कि इस बैठक में अध्यक्ष के चुनाव को हरी झंडी दी जा सकती है और चुनाव तिथि का ऐलान भी हो सकता है। गौरतलब है कि पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सोनिया गांधी को अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। 

Chandan

Advertising