कोटा में ‘घोड़ी’ बनकर करता था रैकी, सूने घर से 45.30 लाख की चोरी; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Thursday, Feb 26, 2026-05:17 PM (IST)
कोटा। शहर के Jawahar Nagar Police Station क्षेत्र में सूने मकान में हुई 45 लाख से अधिक की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तलवंडी स्थित बी-सेक्टर में हुई इस बड़ी वारदात में पुलिस ने 45 लाख 30 हजार 800 रुपए नकद बरामद कर आरोपी विशाल उर्फ ‘घोड़ी’ को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से बारां जिले का निवासी है और हाल में कोटा के प्रेमनगर द्वितीय में रह रहा था।
एएसपी दिलीप सैनी के अनुसार, 23 फरवरी को पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 फरवरी को अहमदाबाद से लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। घर से करीब 45-50 लाख रुपए नकद और सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई और जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी शादी-विवाह समारोहों में घोड़ी लेकर क्षेत्र में आता-जाता था। इसी कारण उसे इलाके में ‘घोड़ी’ के नाम से जाना जाता है। वह इस बहाने गलियों में घूमकर सूने मकानों की रैकी करता था। उसे जानकारी थी कि जिस घर को निशाना बनाया गया है, वहां हाल ही में शादी हुई है और परिवार बाहर गया हुआ है। मौका पाकर उसने लोहे के पाइप से ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
वारदात के बाद आरोपी नकदी और जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से 45.30 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। सोने के जेवरात की बरामदगी और संभावित साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रहा है। अचानक इतनी बड़ी रकम हाथ लगने के बाद उसने साथियों के साथ नशा किया और पैसे खर्च करने लगा। उसकी मां को जब बड़ी रकम का पता चला तो वह भी हैरान रह गई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
