Kota Crime: 100 रुपए की खातिर मजदूर को मारा

Monday, Feb 16, 2026-02:55 PM (IST)

कोटा। राजस्थान के कोटा शहर में महज 100 रुपये के विवाद ने एक मजदूर की जान ले ली। मामला नांता थाना क्षेत्र के पत्थर मंडी इलाके का है, जहां शनिवार रात करीब 11:30 बजे दो मजदूरों के बीच मजदूरी के पैसों को लेकर शुरू हुआ झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया।

 

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान भवानीमंडी निवासी रमेश बैरवा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी 52 वर्षीय परमा बैरवा बताया जा रहा है, जो अकलेरा थाना क्षेत्र के बड़ी खीमच गांव का रहने वाला है। दोनों झालावाड़ जिले के निवासी थे और कोटा की पत्थर मंडी में मजदूरी का काम करते थे।

 

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों ने पत्थर स्टॉक पर कटाई का कार्य किया था, जिसके बदले कुल 1500 रुपये मजदूरी मिली थी। रकम के बंटवारे में एक को 700 रुपये और दूसरे को 800 रुपये मिले। इसी 100 रुपये के अंतर को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। घटना से पहले दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे और नशे की हालत में विवाद ने उग्र रूप ले लिया।

 

झगड़े के दौरान आरोपी परमा ने पत्थर नापने वाले औजार ‘गुनिया’ से रमेश के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रमेश मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और घायल को एमबीएस अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

 

मृतक के भाई मनोज की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम, डॉग स्क्वायड और एमओबी टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News