विधानसभा सत्र में बजट पर होगी विस्तृत चर्चा, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान जरूरी: देवनानी
Thursday, Jan 08, 2026-05:23 PM (IST)
कोटा। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी बुधवार को कोटा दौरे पर रहे। सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान देवनानी ने मीडिया से बातचीत करते हुए आगामी विधानसभा सत्र, विपक्ष की भूमिका और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान पर अपने विचार रखे।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 28 जनवरी से एक माह तक विधानसभा सत्र चलेगा, जिसमें बजट पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि ये सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में विपक्ष को बोलने और जनहित के मुद्दे उठाने का पूरा अवसर दिया गया है।
एसआईआर मुद्दे पर देवनानी ने कहा कि पूरे देश में केवल पश्चिम बंगाल में इसका विरोध हो रहा है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का दायित्व है। विधानसभा आम जनता की समस्याओं को उठाने और उनका समाधान निकालने का मंच है, जहां सत्ता और विपक्ष दोनों को मिलकर कार्य करना चाहिए।
