जेईई एडवांस्ड परीक्षा कल: 1.80 लाख से अधिक स्टूडेंट्स शामिल
Saturday, May 16, 2026-07:29 PM (IST)
कोटा। आईआईटी रुड़की की ओर से देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस्ड 17 मई, 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देश के 222 परीक्षा शहरों में सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित होगी। इस वर्ष परीक्षा में 1.80 लाख से अधिक स्टूडेंट्स शामिल होंगे।
कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि दोनों पेपरों के बीच का समय स्टूडेंट्स के लिए आराम और स्वास्थ्य का ध्यान रखने का अवसर है। उन्होंने सलाह दी कि दोपहर में परीक्षा से संबंधित चर्चा से बचें और अगर परीक्षा केंद्र दूर हो तो अनावश्यक यात्रा से परहेज करें। गर्मी के कारण पर्याप्त पानी पिएं और हल्का भोजन करें।
परीक्षा में उपस्थित होने के लिए स्टूडेंट्स को अपना प्रवेश पत्र और कोई एक ओरिजनल आईडी प्रूफ (जैसे आधार कार्ड, स्कूल आईडी, पासपोर्ट, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या वोटर आईडी) साथ ले जाना अनिवार्य है। प्रवेश पत्र पर दिए गए बारकोड को पढ़कर ही कंप्यूटर सिस्टम पर परीक्षा के लिए सीट आवंटित होगी। स्टूडेंट्स को अपना रोल नंबर और जन्मतिथि पासवर्ड की तरह डालकर लॉगिन करना होगा।
परीक्षा शुरू होने से 25 मिनट पहले सभी स्टूडेंट्स को दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। रफ वर्क के लिए स्क्रैंबल पैड भी प्रदान किए जाएंगे, जिसमें एप्लीकेशन नंबर और नाम लिखना अनिवार्य है। स्क्रैंबल पैड परीक्षा समाप्ति के बाद स्टूडेंट्स अपने साथ ले जा सकते हैं। अतिरिक्त स्क्रैंबल पैड नहीं मिलेगा।
विद्यार्थियों को स्वयं का पेन और पेंसिल लाना होगा। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, रिंग, ब्रेसलेट, इयररिंग, नोज पिन या ताबीज पहनकर परीक्षा केंद्र पर प्रवेश की अनुमति नहीं है। दिव्यांग स्टूडेंट्स के लिए स्क्राइब की सुविधा उपलब्ध होगी, और उन्हें दोनों पेपरों के लिए 1 घंटा अतिरिक्त समय मिलेगा।
परीक्षा के बाद 21 मई को रिकॉर्डेड रेस्पांस शीट्स जारी होंगी। प्रोविजनल उत्तर तालिकाएं 25 मई सुबह 10 बजे जारी होंगी, और आपत्तियां 25 मई से 26 मई शाम 5 बजे तक दर्ज की जा सकेंगी। फाइनल उत्तर तालिकाएं, परिणाम और ऑल इंडिया रैंक 1 जून सुबह 10 बजे घोषित किए जाएंगे। JOASA काउंसलिंग 2 जून से संभावित है।
इस वर्ष की परीक्षा में भाग लेने वाले स्टूडेंट्स को मानसिक रूप से शांत और तैयारी के साथ परीक्षा देने की सलाह दी जा रही है।
