करौली में दर्दनाक हादसा: बीमार बेटे को इलाज के लिए ले जा रहे पिता की मौत, लग्जरी कार ने बाइक को घसीटा
Thursday, Feb 19, 2026-01:41 PM (IST)
करौली। राजस्थान के करौली जिले में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा हिण्डौन सिटी सदर थाना क्षेत्र के गांव चरमपुरा के पास हुआ, जहां एक लग्जरी कार और बाइक की भिड़ंत में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में जयपुर ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान गांव अटक निवासी केवल जाटव (25) पुत्र सरदार सिंह जाटव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, केवल अपने 7 वर्षीय बेटे अंशुल को बुखार के इलाज के लिए हिण्डौन जिला अस्पताल लेकर जा रहा था। उसके साथ बाइक पर उसका बड़ा भाई हजारीलाल भी बैठा था। शाम करीब 7 बजे घर से 3-4 किलोमीटर दूर पहुंचने पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने एक अन्य बाइक को ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक कार में फंसकर काफी दूर तक घिसटती रही। हादसे में केवल के शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हो गए। उसका बेटा अंशुल सड़क किनारे गेहूं की फसल में जा गिरा, जबकि हजारीलाल भी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद तीनों को 108 एम्बुलेंस से हिण्डौन जिला अस्पताल लाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जयपुर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में महवा के पास केवल ने दम तोड़ दिया। शव को वापस जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सदर थाना एएसआई रजन लाल ने बताया कि मृतक के चाचा भरती जाटव की शिकायत पर दुर्घटनाग्रस्त कार के नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर भाग गया, लेकिन देर रात वाहन को वहां से हटवा लिया गया।
हादसे के समय कार के एयरबैग खुल गए थे, जिससे चालक सुरक्षित बच गया। पुलिस अब आरोपी चालक की तलाश में जुटी है।
