करौली में सड़क हादसा: ट्रॉली की टक्कर से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, एक गंभीर घायल

Monday, Feb 23, 2026-01:19 PM (IST)

करौली: करौली जिले के हिंडौन सिटी में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना श्मशान घाट मोड़ के पास हुई, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

 

मृतकों की पहचान अलीपुरा निवासी यशवेंद्र जाटव, उनके पुत्र गौरव जाटव और यशवेंद्र के दामाद धर्मेंद्र जाटव के रूप में हुई। हादसे में घायल मुनीम जाटव, जो यशवेंद्र का भतीजा है, का उपचार हिंडौन जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए हैं। हादसे ने पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।

 

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात चारों व्यक्ति पनबेडा गांव के एक ढाबे से खाना खाकर अलीपुरा लौट रहे थे। तभी रास्ते में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही चारों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर हिंडौन सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल भेजा।

 

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद यशवेंद्र, गौरव और धर्मेंद्र को मृत घोषित किया। घायल मुनीम का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही डीएसपी मुनेश कुमार मीणा और सदर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम लाल चौधरी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेकर जांच शुरू की।

 

सदर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम लाल चौधरी ने बताया कि पुलिस मृतकों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवा रही है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है। यह हादसा इलाके में मातम छा गया और लोगों में सुरक्षा के प्रति चिंता बढ़ा दी है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News