झालावाड़ में ग्रीष्मकालीन तैयारियां तेज: कलेक्टर के निर्देश- पेयजल, बिजली, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाएं रहें सुचारु!
Sunday, Mar 22, 2026-04:57 PM (IST)
जिले में आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बैठक लेकर पेयजल, बिजली, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि आने वाले तीन महीने बेहद महत्वपूर्ण हैं, ऐसे में सभी विभाग अग्रिम योजना बनाकर काम करें, ताकि आमजन को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पेयजल संकट से निपटने के निर्देश
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में कहीं भी पेयजल संकट न हो, इसके लिए पहले से ही योजना तैयार की जाए। आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बिजली व्यवस्था रहे निर्बाध
बैठक में बिजली विभाग को निर्देशित किया गया कि गर्मी के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न हो। लाइन फॉल्ट की स्थिति में तुरंत मरम्मत की जाए और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष फोकस
अस्पतालों में दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
शहर में चलेगा विशेष सफाई अभियान
नगर परिषद को निर्देश दिए गए कि शहर में व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए। कचरा संग्रहण, निस्तारण और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि शहर स्वच्छ और व्यवस्थित बना रहे।
जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान किया जाए, जिससे लोगों का भरोसा बना रहे।
26 लाख पौधारोपण का लक्ष्य
मिशन “हरियालो राजस्थान” के तहत जिले में 26 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए अप्रैल से जून तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए, ताकि मानसून में प्रभावी पौधारोपण किया जा सके।
विश्व जल दिवस पर जल संरक्षण का संदेश
विश्व जल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जल संरक्षण और जल के सही उपयोग पर जोर दिया गया। इस दौरान लोगों को जल बचाने और स्रोतों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई गई।
जल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें सुनीता शर्मा, भगवती बाई, अर्जन सुमन, नारायण, दिनेश कुमार पाटीदार, कमलेश कुमार मेघवाल, किरण माला जैन सहित अन्य शामिल रहे।
