झालावाड़ में ‘हीट सेफ अभियान’ तेज: खेतों तक पहुंची राहत, किसानों को बांटे ORS और हीट हेलमेट!

Monday, Mar 23, 2026-03:26 PM (IST)

भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए झालावाड़ जिले में ‘हीट सेफ झालावाड़ अभियान’ चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव पहुंचकर किसानों, मजदूरों और ग्रामीणों को गर्मी से बचाव के उपाय बता रही हैं।

इस अभियान की शुरुआत पुलिस अधीक्षक अमित कुमार बुढ़ानिया ने ‘ORS ATM’ और ‘हीट हेलमेट’ पहल के साथ की थी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान के मार्गदर्शन में जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी हैं।

खेतों तक पहुंच रही टीम, मौके पर ही राहत

अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. शुभम गिरिराज पाटीदार खुद ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वे किसानों और मजदूरों को लू और तापघात से बचने के व्यावहारिक तरीके समझा रहे हैं।

मौके पर ही ग्रामीणों को ORS के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं और उन्हें घोल बनाने की सही विधि भी सिखाई जा रही है।

‘हीट हेलमेट’ से बचाव का संदेश

अभियान के तहत लोगों को सिर ढककर रखने की सलाह दी जा रही है। इसके लिए टोपी, गमछा, पगड़ी या छाते के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि तेज धूप और लू से बचाव हो सके।

खान-पान और दिनचर्या पर भी सलाह

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को गर्मी के दौरान चाय और कॉफी कम पीने और छाछ, नींबू पानी, ORS जैसे पेय पदार्थ लेने की सलाह दी जा रही है। साथ ही संतरा जैसे मौसमी फलों के सेवन पर भी जोर दिया जा रहा है।

ग्रामीणों को हर घंटे 1-2 गिलास पानी पीने, हल्के और ढीले सूती कपड़े पहनने तथा दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

लू से बचाव के लिए जागरूकता जरूरी

अभियान का मुख्य उद्देश्य उन लोगों तक राहत और जानकारी पहुंचाना है, जो दिनभर धूप में काम करते हैं और हीट स्ट्रोक के सबसे ज्यादा जोखिम में रहते हैं।


Content Editor

Payal Choudhary

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News