आहोर में युवक अशोक कुमार मीणा की संदिग्ध हत्या को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा

Friday, Feb 13, 2026-02:49 PM (IST)

जालोर। राजस्थान के जालोर जिले के आहोर में युवक अशोक कुमार मीणा की संदिग्ध हत्या को लेकर मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। गोलियां गांव में दो दिन पहले अशोक कुमार मीणा का शव मिलने के बाद मीणा समाज में भारी आक्रोश फैल गया। हत्या की आशंका जताते हुए समाज के लोगों ने पहले आहोर थाने के बाहर सड़क जाम की और बाद में नेशनल हाईवे 325 पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

 

मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग आहोर में एकत्र हुए और तहसील कार्यालय का घेराव कर गेट बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक मृतक अशोक और उसके परिवार को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच एनएच-325 पर वार्ता हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई।

 

मीणा समाज की प्रमुख मांगों में पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा, हत्या में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और परिवार व समाज के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है। समाज के नेताओं ने प्रशासन को 12 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी थी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को तीन जिलों तक विस्तार दिया जाएगा।

 

प्रदर्शन के दौरान भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के नेता छगन लाल मीणा ने पूर्ण जाम की चेतावनी दी और कहा कि तीन जिलों के मीणा समाज के लोग एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होंगे। स्थिति तनावपूर्ण होने पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए RAC सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हंगामे के बीच पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और छगन लाल मीणा को हिरासत में ले लिया।

 

फिलहाल इलाके में तनाव बरकरार है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि सरकार और प्रशासन समाज की मांगों पर क्या निर्णय लेते हैं। 


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News