स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार पति की मौत, पत्नी गंभीर: फरार ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग!

Tuesday, Feb 10, 2026-05:33 PM (IST)

जालोर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार दंपति हादसे का शिकार हो गया। इलाज के दौरान पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए फरार ड्राइवर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

एफसीआई गोदाम के पास हुआ हादसा

यह दुर्घटना 23 जनवरी 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे एफसीआई गोदाम के पास हुई। जानकारी के अनुसार, चुन्नीलाल और उनकी पत्नी नेनू देवी स्कूटी से एफसीआई से महेशपुरा रोड स्थित पिपलीवाला जा रहे थे। बाईपास हाईवे पार करते समय बिशनगढ़ की ओर से तेज गति से आ रही स्कॉर्पियो ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

पालनपुर में इलाज के दौरान पति का निधन

हादसे में दोनों को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से उन्हें पहले ट्रॉमा सेंटर जालोर ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर पालनपुर रेफर किया गया। इलाज के दौरान 29 जनवरी 2026 को चुन्नीलाल का निधन हो गया, जबकि नेनू देवी का इलाज अभी जारी है।

वाहन नंबर देने के बाद भी कार्रवाई नहीं

पीड़ित परिवार का कहना है कि 26 जनवरी 2026 को थाना जालोर में मामला दर्ज कराया गया। परिजनों ने संदिग्ध वाहन नंबर GJ03LM7779 भी पुलिस को सौंपा। आरोप है कि 6 फरवरी को वाहन को कोतवाली थाने लाया गया और सीसीटीवी फुटेज की जानकारी भी दी गई, लेकिन 7 फरवरी को वाहन छोड़ दिया गया। परिवार का आरोप है कि ठोस सबूत होने के बावजूद आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी नहीं की गई।

तीन दिन का अल्टीमेटम, धरने की चेतावनी

पीड़ित परिवार ने एसपी और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषी ड्राइवर की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार धरने पर बैठने को मजबूर होगा।


Content Editor

Payal Choudhary

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News