जालोर के भीनमाल में भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
Wednesday, Aug 13, 2025-01:47 PM (IST)

भीनमाल। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष जसराज पुरोहित के नेतृत्व में आज भीनमाल शहर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा महावीर चौहारा से प्रारंभ होकर विवेकानंद सर्कल तक निकाली गई, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा में भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता, भाजपा पदाधिकारी, पूर्व विधायक पूराराम चौधरी, नगर मंडल पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी हाथों में तिरंगा लहराते हुए, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर की मुख्य सड़कों पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी इस ऐतिहासिक अवसर में शामिल होकर तिरंगे की शान में आवाज बुलंद करते नजर आए।
जिला अध्यक्ष जसराज पुरोहित ने इस अवसर पर कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। आज की यह यात्रा न केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि हर नागरिक तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र की एकता के लिए समर्पित है। यात्रा का समापन विवेकानंद सर्कल पर हुआ, जहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।