जैसलमेर में जलती छत दंपती पर गिरी, पति 90% और पत्नी 70% झुलसी, जोधपुर रेफर

Tuesday, Feb 17, 2026-08:32 PM (IST)

राजस्थान के जैसलमेर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान में लगी भीषण आग के दौरान सो रहे दंपती पर जलती हुई छत गिर गई, जिससे पति 90 फीसदी और पत्नी 70 फीसदी तक झुलस गए। दोनों को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है।

सुबह 6 बजे हुआ हादसा

घटना सदर थाना क्षेत्र के हांसुवा गांव के पास पारुराम की ढाणी में सुबह करीब 6 बजे हुई। सदर थाना प्रभारी प्रेमदान रतनू के अनुसार पारुराम की ढाणी निवासी रामूराम (40) और उनकी पत्नी पेपो देवी (38) घर में सो रहे थे, तभी अचानक आग लग गई।

कुछ ही सेकंड में आग ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। जलती हुई छत सीधे चारपाई पर आ गिरी। आग की लपटों में घिरी पेपो देवी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहीं, लेकिन रामूराम अंदर ही फंस गए।

ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल

आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर दोनों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जोधपुर रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों के मुताबिक रामूराम 90% तक झुलस गए हैं और उनकी हालत बेहद चिंताजनक है। वहीं पेपो देवी करीब 70% तक झुलसी हैं।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं

पुलिस के अनुसार आग लगने का कारण अभी साफ नहीं है। परिजनों ने शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। यह हादसा था या किसी आपसी विवाद के चलते आगजनी हुई, इसकी भी जांच की जा रही है।

एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें।

ढाणी में पसरा सन्नाटा

हादसे के बाद ढाणी और हांसुवा गांव में शोक का माहौल है। आग में घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। अब जोधपुर में भर्ती दंपती के बयान के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।


Content Editor

Payal Choudhary

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News