सीमेंट कंपनी के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी, आबादी भूमि आवंटन से ग्रामीणों मे रोष
Thursday, Jan 08, 2026-02:17 PM (IST)
जैसलमेर। जिले के रामगढ़ में डालमिया भारत ग्रीन विजन लिमिटेड द्वारा प्रस्तावित खनन परियोजना क्षमता की हैवी क्रशिंग/क्रिस्टलाइजेशन इकाई की स्थापना का समस्त ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा पूर्ण रूप से घोर विरोध किया जा रहा है। रामगढ़ के ग्रामीणों द्वारा इस आवंटन कक निरस्त करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है जो कि आज दूसरे दिन भी जारी हैं।
ग्रामीण कन्हैयालाल भार्गव, सुलेमान खान, सुनील कुमार, जगतपाल कुमावत, श्रवण कुमार आदि ने बताया कि प्रस्तावित भूमि ग्राम रामगढ़ की आबादी विस्तार क्षेत्र, खातेदारी भूमि, गोचर भूमि, सपोल कमियों की ढाणी व अन्य ढाणियां, रहवासी मकान, धार्मिक स्थल, देवस्थान, समाधियां, तथा सदियों पुराने जल स्रोतों- नदियां, तालाब एवं प्राचीन तालाब व अन्य सार्वजनिक उपयोग की भूमि के अन्दर स्थित है।
उक्त खनन परियोजना से ग्राम रामगढ़ का संपूर्ण सामाजिक, पर्यावरणीय एवं सांस्कृतिक ढांचा गंभीर रूप से प्रभावित होगा। प्रस्तावित खनन क्षेत्र में चूना पत्थर (लाइमस्टोन) एवं पत्थर के खनन, क्रशिंग एवं पाउडर उत्पादन से उड़ने वाली सूक्ष्म एवं भारी धूल से क्षेत्र में वायु प्रदूषण अत्यधिक बढ़ेगा, जिससे सिलिकोसिस, टीबी, दमा एवं अन्य घातक श्वसन रोगों का गंभीर खतरा उत्पन्न होगा।
यह स्थिति न केवल ग्रामवासियों के स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि बच्चों. वृद्धों एवं महिलाओं के जीवन के लिए भी अत्यंत संकटपूर्ण है। इसके अतिरिक्त, खनन गतिविधियों से जल स्रोतों का क्षरण, भूजल स्तर में गिरावट, कृषि भूमि को अपूरणीय क्षति. पशुपालन पर प्रतिकूल प्रभाव तथा क्षेत्र की प्राकृतिक पारिस्थितिकी को स्थायी नुकसान होने की पूर्ण आशंका है। यह परियोजना ग्राम रामगढ़ के शांतिपूर्ण जीवन, आजीविका एवं पर्यावरण के मूल अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। ग्रामीणों का कहना है कि जनहित, पर्यावरण संरक्षण एवं लोक स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए, उक्त खनन परियोजना हेतु भूमि आवंटन में प्रस्तावित भूमि को तत्काल प्रभाव से निरस्त की जाए।
