जवाहर कला केंद्र में सजेंगी डॉ. सुषमा महाजन की कलाकृतियां, दिया कुमारी करेंगी ''मेलोडी ऑफ कलर्स'' का उद्घाटन

Friday, Jan 16, 2026-06:27 PM (IST)

जयपुर। गुलाबी नगरी के कला जगत के लिए आगामी 17 जनवरी का दिन बेहद खास होने जा रहा है। जवाहर कला केंद्र की अलंकार आर्ट गैलरी में सुप्रसिद्ध जलरंग कलाकार डॉ. सुषमा महाजन की एकल प्रदर्शनी “मेलोडी ऑफ़ कलर्स” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का उद्घाटन 17 जनवरी को प्रातः 10:15 बजे राजस्थान की माननीया उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा किया जाएगा। दर्शक इस प्रदर्शनी का अवलोकन 19 जनवरी तक प्रतिदिन प्रातः 11:00 बजे से सायं 7:30 बजे तक कर सकेंगे।

 

इस प्रदर्शनी में लगभग 60 जलरंग कृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें 22 नई कृतियां विशेष रूप से इस प्रदर्शनी के लिए तैयार की गई हैं। साथ ही, पेरिस, जयपुर और नई दिल्ली में पूर्व में प्रदर्शित चुनिंदा कृतियों को भी इसमें सम्मिलित किया जाएगा। डॉ. महाजन की आठ कलाकृतियों का प्रदर्शन नवम्बर 2025 में पेरिस की विश्व प्रसिद्ध आर्ट गेलेरी में हुआ जिसमें विविध रंगों के संयोजन से भारतीय संस्कृति की सौम्यता को प्रदर्शित किया गया ।

 

डॉ. सुषमा महाजन एक प्रतिष्ठित चिकित्सक हैं और उन्हें रेडियोलॉजिस्ट के रूप में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वे जयपुर स्थित भगवान महावीर कैंसर अस्पताल में रेडियोलॉजी विभाग की अध्यक्ष हैं। उनका कला से जुड़ाव कोविड लॉकडाउन के दौरान प्रारंभ हुआ, जो धीरे-धीरे एक गंभीर, अनुशासित और आत्ममंथनशील कलात्मक साधना में परिवर्तित हो गया। एक स्व-शिक्षित जलरंग कलाकार के रूप में उन्होंने रंग, रूप और सूक्ष्म विवरणों के प्रति अत्यंत संवेदनशील दृष्टि विकसित की है।

 

उनकी कृतियों के विषयों में मंदिर कला, पशु-पक्षी, स्थापत्य, पुष्प, लैंडस्केप, विंटेज रचनाएं और स्थिर जीवन (स्टिल लाइफ) प्रमुख हैं। उनके हालिया कार्यों में होयसला और चोल स्थापत्य शैलियों से प्रेरित मंदिर संरचनाओं का विशेष स्थान है, जिनमें संरचना, लय और संतुलन का गहन चिंतन दिखाई देता है। उनकी पेंटिंग्स को उनके संतुलित रंग संयोजन, सूक्ष्म विवरण और शांत भावनात्मक अभिव्यक्ति के लिए सराहा जाता है।

 

डॉ. महाजन जयपुर और नई दिल्ली में कई एकल प्रदर्शनियां आयोजित कर चुकी हैं। उनकी कृतियां प्रमुख राष्ट्रीय समाचार पत्रों और कला मंचों में प्रकाशित हो चुकी हैं तथा कला समीक्षकों और दर्शकों से उन्हें व्यापक सराहना प्राप्त हुई है।

 

वर्जन    
मेलोडी ऑफ़ कलर्स केवल रंगों का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह जल और रंगों के माध्यम से भावनाओं, स्मृतियों और प्रकृति की लय को व्यक्त करने का एक मौन संवाद है।
— डॉ. सुषमा महाजन
    
प्रदर्शनी विवरण:
•प्रदर्शनी का नाम: मेलोडी ऑफ़ कलर्स
•कलाकार: डॉ. सुषमा महाजन
•उद्घाटन: 17 जनवरी 2026 | प्रातः 10:15 बजे
•उद्घाटनकर्ता: दिया कुमारी, माननीया उपमुख्यमंत्री, राजस्थान
•तिथियाँ: 17 से 19 जनवरी 2026
•स्थान: अलंकार आर्ट गैलरी, जवाहर कला केंद्र, जयपुर
•समय: प्रातः 11:00 बजे से सायं 7:30 बजे तक


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News