Exclusive: ''309 कार्यकर्ताओं की ज्वाइनिंग सिर्फ ड्रामा'', सांसद राजकुमार रोत ने महेंद्रजीत मालवीय के दावे को किया खारिज
Thursday, Jul 30, 2026-08:04 PM (IST)
Punjab Kesari Exclusive Interview
डूंगरपुर/बांसवाड़ा। वागड़ की राजनीति में कांग्रेस नेता महेंद्रजीत सिंह मालवीय के नेतृत्व में 309 भारत आदिवासी पार्टी (BAP) कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने के दावे के बाद पंजाब केसरी संवाददाता सौरभ दुबे ने डूंगरपुर-बांसवाड़ा सांसद राजकुमार रोत से विशेष बातचीत की। पेश हैं बातचीत के प्रमुख अंश—
सवाल:
महेंद्रजीत सिंह मालवीय के नेतृत्व में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के करीब 309 कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर आपकी पहली प्रतिक्रिया क्या है?
राजकुमार रोत:
महेंद्रजीत मालवीय जी बीजेपी में जाकर झूठ बोलना अच्छी तरह सीख गए हैं। ऐसा लगता है कि वे अशोक गहलोत जी को भी अंधेरे में रख रहे हैं। मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि इसमें BAP का कोई कार्यकर्ता और कोई पदाधिकारी शामिल नहीं है। यह सिर्फ राजनीतिक ड्रामा है और अपने नंबर बढ़ाने की कोशिश है। दक्षिणी राजस्थान में महेंद्रजीत मालवीय और उनके सहयोगी आदिवासी राजनीति को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
सवाल:
क्या आपको लगता है कि BAP अब कांग्रेस के लिए एक बड़ी राजनीतिक चुनौती बन चुकी है?
राजकुमार रोत:
सबसे पहले कांग्रेस के नेताओं को यह तय करना चाहिए कि उन्हें लड़ाई BAP से लड़नी है या बीजेपी से। यही लोग पंचायती राज चुनावों में बीजेपी के साथ खड़े थे और डूंगरपुर में बीजेपी का जिला प्रमुख बनवाया था। ये लोग आदिवासी क्षेत्रों में सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहते हैं। अगर जयपुर बुलाकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी उनके लोगों का माल्यार्पण कर रहे हैं, तो मैं इसे भारत आदिवासी पार्टी की बड़ी उपलब्धि मानता हूं। आदिवासी समाज को राष्ट्रीय राजनीति में पहचान मिली है। जिन लोगों को पहले पार्टी कार्यालयों तक पहुंचने नहीं दिया जाता था, उन्हें आज सम्मान के साथ बुलाया जा रहा है।
सवाल:
महेंद्रजीत मालवीय ने दावा किया है कि BAP विधायक जयकृष्ण पटेल पिछले दो महीने से फरार हैं। आप इस आरोप को कैसे देखते हैं?
राजकुमार रोत:
पूरा क्षेत्र जानता है कि BAP विधायक को किस तरह झूठे मामलों में फंसाया गया है और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। पहले भाजपा के साथ जाकर ऐसा किया गया और आज भी उन्हें परेशान किया जा रहा है। मामला दर्ज हुआ है, लेकिन विधायक फरार नहीं हैं। वे अपने क्षेत्र में मौजूद हैं और लगातार जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं।
