धौलपुर में भंडारे का खाना खाने से 40-50 लोग बीमार, उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती
Tuesday, Oct 06, 2026-02:54 PM (IST)
राजाखेड़ा/धौलपुर। राजाखेड़ा उपखंड क्षेत्र के दिहौली थाना इलाके के मनीराम का पुरा गांव में माखन दास बाबा मंदिर पर आयोजित भंडारे का भोजन खाने के बाद करीब 40 से 50 लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों में पेट दर्द, उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत के बाद हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मंदिर पर भंडारे का आयोजन किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि भंडारे का भोजन मंदिर परिसर में नहीं बनाया गया, बल्कि बाहर से तैयार करवाकर प्रसादी के रूप में वितरित किया गया था। दोपहर में भोजन करने के बाद शाम होते-होते लोगों की तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई।
देर रात गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
मामले की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मनीराम का पुरा गांव पहुंची और बीमार लोगों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। जिन लोगों की हालत ज्यादा खराब थी, उन्हें देर रात करीब 11 बजे एंबुलेंस से जिला अस्पताल धौलपुर रेफर किया गया।
बीमारों में महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग शामिल हैं। कई लोगों ने पेट में तेज दर्द, उल्टी-दस्त और बुखार की शिकायत बताई है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम मरीजों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
फूड पॉइजनिंग की आशंका
ग्रामीणों के मुताबिक करीब 50 से 60 लोग इस घटना से प्रभावित हुए हैं। हालांकि बीमार लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जानकारी जुटा रहा है।
भोजन के सैंपल की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लोगों की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या थी। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद भंडारों और सामुदायिक आयोजनों में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की जांच और खाद्य सैंपल की रिपोर्ट के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी।
