पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का बीकानेर दौरा, आपातकाल की 50वीं बरसी पर संगोष्ठी कार्यक्रम में हुई शामिल
Friday, Jun 27, 2025-06:09 PM (IST)

बीकानेर । आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर बीकानेर में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेत्री स्मृति ईरानी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में 33 लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, कांग्रेस पर साधा तीखा निशाना
बीकानेर। आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बीकानेर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाग लिया। इस अवसर पर आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले 33 लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक बिहारी लाल बिश्नोई, शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़, भाजपा नेता विजय आचार्य , पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित , बीकानेर सांसद तथा कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल की पत्नी श्रीमती पाना देवी तथा कार्यक्रम संयोजक मोहन सुराणा भी उपस्थित रहे। स्मृति ईरानी ने इस आयोजन को लोकतंत्र की चेतना को जीवंत बनाए रखने वाला अवसर बताया। उन्होंने कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला दौर था, जब नागरिकों के मौलिक अधिकारों को छीन लिया गया और विपक्ष की आवाज़ को कुचल दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह हमारा कर्तव्य है कि हम उस दौर के संघर्ष को याद रखें और आने वाली पीढ़ियों को उसके सच से अवगत कराएं। अपने संबोधन में उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आपातकाल न केवल संविधान के साथ अन्याय था, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक आत्मा पर हमला भी था। उन्होंने कहा कि उन दिनों जब पूरे देश में सेंसरशिप लागू थी, सैकड़ों नागरिकों ने जेल जाकर लोकतंत्र की रक्षा की। ऐसे लोगों का सम्मान करना सिर्फ इतिहास को याद करना नहीं, बल्कि लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा करने की प्रतिज्ञा है।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में स्मृति ईरानी ने वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा किए गए जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जल जीवन मिशन और पीएम किसान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर वास्तविक सशक्तिकरण का कार्य कर रही हैं। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं की गरिमा और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी है। उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन मिले हैं, स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालय निर्माण से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है और आर्थिक योजनाओं के माध्यम से उन्हें बैंकिंग से जोड़ा गया है। स्मृति ईरानी ने यह भी कहा कि जब हम आज आज़ादी से बोलते हैं, चुनते हैं और विरोध करते हैं, तो यह लोकतंत्र की ताकत है, जिसकी रक्षा के लिए अनेकों लोगों ने संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल एक शासन व्यवस्था नहीं, बल्कि एक संस्कार है, जिसे हमें अगली पीढ़ियों तक पूरी ईमानदारी और चेतना के साथ पहुंचाना चाहिए।