बारां में 40 करोड़ की अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों का भंडार जब्त, अधिकारी सकते में
Tuesday, Feb 24, 2026-04:21 PM (IST)
बारां: राजस्थान के बारां जिले में मंडोला गांव के पास पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों का भंडार जब्त किया गया। तीन गोदामों से कुल करीब 2,31,300 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, हजारों कार्टन पटाखे, सूतली बम, रसायन, पैकिंग मशीनें और अन्य उपकरण बरामद किए गए। बरामद सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 40 करोड़ रुपए बताई गई है। इस मामले में फर्म के मालिक दो भाइयों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
भंडारण देख सकते आए अधिकारी
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु के अनुसार 20 फरवरी को सूचना मिली थी कि अटरू-बारां रोड स्थित आर-डी ब्रदर्स फर्म के गोदामों में अत्यधिक मात्रा में विस्फोटक सामग्री और पटाखों का अवैध भंडारण हो रहा है, जो आसपास रहने वालों के लिए खतरा था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के निर्देशन में और वृत्ताधिकारी हरिराम सोनी के सुपरविजन में कोतवाली प्रभारी भजनलाल आरपीएस व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक और पटाखा निर्माण सामग्री पाई गई।
इसके बाद नगर परिषद आयुक्त और जिला प्रशासन को सूचना दी गई। नगर परिषद टीम, उप जिला कलक्टर और संयुक्त जांच दल ने तीनों गोदामों का निरीक्षण किया। गोदामों में अग्निशमन सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने पर नगर परिषद ने तीनों गोदामों को सील कर दिया और कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया।
जब्त सामग्री की विवरण
सूतली बम: लगभग 338 क्विंटल (1350 कट्टों में)
पटाखे: लगभग 5500 कार्टन (1918 क्विंटल)
विस्फोटक सामग्री: 12 क्विंटल पोटेशियम नाइट्रेट, सल्फर, चारकोल पाउडर, एल्युमिनियम पाउडर, मिश्रित विस्फोटक, फॉस्फेट
अन्य सामग्री: 130 बोरी जर्दा (लगभग 45 क्विंटल), लाल बत्ती के 20 बंडल, पैकिंग मशीन, लेबल और विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरे कार्टन
संयुक्त टीम ने 21 और 22 फरवरी को जब्ती कार्रवाई पूरी की। गोदामों की छतों और टीन शेड पर पटाखे सुखाने के लिए रखे गए थे, जिन्हें बाद में कट्टों में भरा गया। भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री देखकर अधिकारी भी सकते में आ गए।
यह कार्रवाई जिले में अवैध पटाखा और विस्फोटक सामग्री की तस्करी पर लगाम लगाने में बड़ी सफलता मानी जा रही है।
