शेरगढ़ सेंचुरी से बारां-झालावाड़ स्टेट हाई-वे पर दिखा भालू सर्च अभियान जारी

Saturday, Mar 21, 2026-06:29 PM (IST)

बारां । बारां जिले के शेरगढ़ सेंचुरी से बारां-झालावाड़ स्टेट हाई-वे पर शुक्रवार रात को भालू दिखाई दिया, जिससे नजदीक के गांवों में दहशत रही। सूत्रों के अनुसार भालू का मूवमेंट हाल में कोटा जिले के कनवास रेंज में बारां झालावाड़ स्टेट हाइवे पर सामने आया है। यह शुक्रवार रात के समय लटूरी गांव में एक खेत से निकल कर स्टेट हाइवे क्रॉस करता दिखाई दिया था। सूचना पर शनिवार को सुबह फॉरेस्ट विभाग की टीम मौके पर पहुंची है, जो भालू की लोकेशन को सर्च कर रही है।

हालांकि सड़क पर आवाजाही की वजह से भालू के पगमार्क नहीं मिले। यह घटना देर रात साढ़े 11 बजे के आसपास की बताई गई है। कनवास के रेंजर गुलाबचंद शर्मा ने बताया कि भालू बारां-झालावाड़ स्टेट हाईवे क्रॉस करते सीसीटीवी में नजर आया है, जिसके बाद टीम मौके पर भेजी है। टीम आसपास के इलाकों में सर्च कर रही है। बारां के वन उप संरक्षक वी. माणिकराव बड़े का कहना है कि शेरगढ़ सेंचुरी कोटा के कार्य क्षेत्र में है। कोटा के डीएफओ अनुराग भटनागर ने बताया कि विभागीय तौर पर हमारे पास कोई सूचना नहीं है। रही बात कनवास वन रेंज की तो यह हमारे क्षेत्र में नहीं है।

बता दे कि वैसे ये इलाका बारापाटी वन क्षेत्र है, जो कोटा, बारां तथा झालावाड़ वन क्षेत्र से लगा हुआ है। ये पहाड़ी खानपुर से होते हुए बारां की शेरगढ़ सेंचुरी से सटी हुई है। शेरगढ़ सेंचुरी में लगभग 6 भालू हैं। संभवतया भालू घूमते हुए शेरगढ़ सेंचुरी से निकलकर रोड पर आ गया हो। अभी फॉरेस्ट की टीम लटूरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में तलाश कर रही है। लेकिन अभी लोकेशन नहीं मिली है।


Content Editor

Kuldeep Kundara

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News