राजस्थान पंचायत चुनाव: भारत आदिवासी पार्टी का बड़ा ऐलान, स्वतंत्र रूप से उतरेगी मैदान में

Wednesday, Feb 18, 2026-02:55 PM (IST)

बांसवाड़ा। भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने आगामी राजस्थान पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी पदाधिकारियों ने घोषणा की कि बीएपी पंचायत चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेगी और किसी अन्य दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

 

यह घोषणा आयोजित आमसभा एवं मिलन समारोह में की गई, जिसमें सांसद राजकुमार रोत, बागीदौरा विधायक जयकृष्ण पटेल सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भाग लिया।

 

सभा के दौरान क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर सांसद को ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में राजकीय कॉलेज खोलने, सार्वजनिक लाइब्रेरी स्थापित करने और बेहतर बस परिवहन सुविधा शुरू करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल थी। ग्रामीणों ने सतसेरा से बांसवाड़ा तथा कुशलगढ़ से अहमदाबाद तक नियमित बस सेवा प्रारंभ करने की आवश्यकता जताई।

 

इस अवसर पर सांसद राजकुमार रोत ने हिम्मतगढ़ उच्च माध्यमिक विद्यालय में चार नए कक्षों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

 

सभा में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बीएपी जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत कर स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता देते हुए चुनाव मैदान में उतरेगी।

 

कार्यक्रम का संचालन विनोद बारिया ने किया। इससे पूर्व भीलकुआं चौराहे पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ सांसद का स्वागत किया। ब्लॉक अध्यक्ष सोहनलाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर पार्टी के प्रति समर्थन जताया।

 

पार्टी के इस ऐलान को दक्षिणी राजस्थान की राजनीति में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे पंचायत चुनाव में मुकाबला रोचक होने की संभावना है।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News