बांसवाड़ा में SIR-2026: 1.17 लाख वोटर्स के नाम कटे, महिला मतदाताओं की संख्या में गिरावट
Sunday, Feb 22, 2026-05:15 PM (IST)
बांसवाड़ा: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में निर्वाचन विभाग ने शनिवार को अंतिम मतदाता सूची (SIR-2026) का प्रकाशन किया। जिले के निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव के अनुसार, नए आंकड़ों के मुताबिक बांसवाड़ा जिले में कुल मतदाताओं की संख्या अब 13,58,812 हो गई है। यह प्रारंभिक सूची में दर्ज 13,24,642 मतदाताओं से 2.58% अधिक है, जबकि 1,17,073 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
जिले में पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक है। कुल मतदाताओं में 6,93,320 पुरुष, 6,65,476 महिला और 16 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले का लिंगानुपात 960 दर्ज किया गया है।
पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिले में 36,443 फॉर्म-6 (नाम जोड़ने के लिए), 2,273 फॉर्म-7 (नाम हटाने के लिए) और 4,906 फॉर्म-8 (स्थान परिवर्तन/नाम संशोधन) प्राप्त हुए। पहली बार मतदान करने वाले 18-19 आयु वर्ग के 22,369 युवाओं ने अपना नाम दर्ज कराया है। सबसे बड़ा मतदाता समूह 30-39 आयु वर्ग का है, जिसमें 3,57,756 मतदाता शामिल हैं। 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के मतदाता 27,242 हैं। जिले में कुल 1,684 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी।
विधानसभा क्षेत्रों की स्थिति के अनुसार:
घाटोल विधानसभा में 345 पोलिंग स्टेशन, कुल मतदाता 2,78,672, महिला 1,36,323, पुरुष 1,42,349, 9,651 मतदाता बढ़े।
गढ़ी विधानसभा में 333 पोलिंग स्टेशन, कुल मतदाता 2,78,900, महिला 1,36,253, पुरुष 1,42,647, 4,902 मतदाता बढ़े।
बांसवाड़ा विधानसभा में 337 पोलिंग स्टेशन, कुल मतदाता 2,67,535, महिला 1,32,220, पुरुष 1,35,315, 5,760 मतदाता बढ़े।
बागीदोरा विधानसभा में 340 पोलिंग स्टेशन, कुल मतदाता 2,65,273, महिला 1,28,839, पुरुष 1,36,434, 5,799 मतदाता बढ़े।
कुशलगढ़ विधानसभा में 329 पोलिंग स्टेशन, कुल मतदाता 2,68,432, महिला 1,31,857, पुरुष 1,36,575, 8,148 मतदाता बढ़े।
निर्वाचन विभाग ने कहा कि यह नई सूची चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई है।
