राजस्थान के इस शहर में बन रहा पहला फोरलेन ओवरब्रिज, नीचे अंडरपास की भी सुविधा; ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत

Thursday, Feb 05, 2026-01:34 PM (IST)

अलवर. राजस्थान के अलवर शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है। अलवर जिले के हसन खां मेवात नगर डबल फाटक पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज अब आकार लेने लगा है। पुल के पिलर्स तैयार होने के बाद अब कास्टिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। यह ओवरब्रिज अलवर शहर का पहला फोरलेन ओवरब्रिज होगा, जिसकी खास बात यह है कि इसके नीचे अंडरपास का भी निर्माण किया जा रहा है।

 

इस ओवरब्रिज का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) की देखरेख में किया जा रहा है और इस पर करीब 62 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। पिछले दो वर्षों से इस परियोजना पर काम चल रहा है। अधिकारियों के अनुसार, यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो इसी वर्ष शहरवासियों को इस ओवरब्रिज से आवागमन की सुविधा मिलने लगेगी।

 

हसन खां मेवात नगर डबल फाटक अलवर शहर के सबसे व्यस्त रेलवे फाटकों में से एक है। इस मार्ग से प्रतिदिन 15 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। भिवाड़ी मार्ग से अलवर शहर में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों के लिए यह रास्ता बेहद महत्वपूर्ण है। इसके अलावा फाटक के आसपास के रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों के लोग भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। यहां से हर दिन 30 से अधिक ट्रेनें गुजरती हैं, जिसके कारण फाटक बार-बार बंद रहता है और लंबा जाम लगना आम बात है।

 

फोरलेन ओवरब्रिज के निर्माण के बाद इस समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पुल के ऊपर से बड़े और भारी वाहन गुजर सकेंगे, जबकि छोटे वाहनों के लिए नीचे अंडरपास की सुविधा होगी। इससे यातायात का दबाव बंटेगा और जाम की स्थिति नहीं बनेगी। यह अलवर का पहला ऐसा पुल होगा, जिसमें ओवरब्रिज और अंडरपास दोनों की सुविधा एक साथ दी जा रही है।

 

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस ओवरब्रिज के शुरू होने से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि ईंधन की खपत भी कम होगी और दुर्घटनाओं की संभावना भी घटेगी। कुल मिलाकर यह परियोजना अलवर शहर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली साबित होगी और लाखों लोगों को ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत मिलेगी।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News