अलवर में 66वां गुरुवां समागम: 5 देशों से आएंगे श्रद्धालु, तीन दिन में 1 लाख संगत की संभावना

Wednesday, Feb 25, 2026-06:28 PM (IST)

अलवर: अलवर में संत मसकिन साहिब जी बरसी पर आयोजित होने वाला 66वां गुरुवां समागम इस बार अंतरराष्ट्रीय स्वरूप में नजर आएगा। आयोजन 1 मार्च सुबह 10 बजे शुरू होकर 4 मार्च सुबह 7 बजे तक चलेगा। तीन दिनों तक दरबार कथा, कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, समागम में करीब एक लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

 

समागम में भारत के विभिन्न राज्यों के अलावा ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, कनाडा और थाइलैंड सहित पांच देशों से संगत पहुंचेगी। कार्यक्रम में संत सिंह मसकिन की स्मृति में विशेष आयोजन होंगे।

 

धार्मिक कार्यक्रम में अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज, दरबार साहिब के हेड ग्रंथी सहित पंथ के पांचों तख्तों के जत्थेदार शामिल होंगे। इससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ेगी।

 

अलवर जिला गुरुप्रचार कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन शहर के टेल्को सर्किल के पास स्थित गुरुद्वारे में होगा। इसके लिए करीब 10 बीघा परिसर में वाटरप्रूफ टेंट लगाया जा रहा है, जिसमें एक समय में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी। दुपहिया वाहनों की पार्किंग परिसर में ही होगी, जबकि चारपहिया वाहनों के लिए विज्ञान नगर क्षेत्र में व्यवस्था की गई है।

 

27 फरवरी से अखंड पाठ की शुरुआत होगी, जो 1 मार्च को सुबह 10 बजे पूर्ण होगा। 4 मार्च को अमृतपान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समागम के दौरान कीर्तन दरबार, कवि दरबार और कथा दरबार का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं के ठहरने और लंगर की व्यापक व्यवस्था की गई है।

 

आयोजन समिति के अनुसार, तीन दिनों में प्रतिदिन 30 से 40 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जिसमें मेडिकल सुविधा, गठरीघर और जूता घर की व्यवस्था भी रहेगी।

 

इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है और प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News