प्रधानमंत्री मोदी का ‘मिशन राजस्थान’: अजमेर दौरे से पहले हाई अलर्ट, 5-लेयर सुरक्षा प्लान तैयार

Wednesday, Feb 18, 2026-02:42 PM (IST)

अजमेर/जयपुर। नरेंद्र मोदी के 28 फरवरी के प्रस्तावित अजमेर दौरे को लेकर प्रदेश में तैयारियाँ तेज हो गई हैं। राजस्थान सरकार ‘फुल एक्शन मोड’ में नजर आ रही है। बुधवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवासन और पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा ने अजमेर पहुंचकर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रधानमंत्री कायड़ विश्रामस्थली पर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां 2 से 3 लाख लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों ने सभा स्थल पर बन रहे डोम, मंच और बैठक व्यवस्था का निरीक्षण किया।

5-लेयर सुरक्षा घेरा

डीजीपी राजीव शर्मा ने सुरक्षा को लेकर 5-लेयर सिक्योरिटी प्लान पर विस्तार से चर्चा की। एसपी वंदिता राणा और आईजी राजेंद्र सिंह को कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती सुनिश्चित की जा रही है।

प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा

मुख्य सचिव ने सर्किट हाउस में जिला कलेक्टर लोकबंधु और संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के दौरे में प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार्य नहीं होगी।

21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र

दौरे का मुख्य आकर्षण ‘रोजगार उत्सव’ होगा। प्रधानमंत्री 21,000 युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसके लिए सभा स्थल पर युवाओं के लिए विशेष ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। इसे राज्य सरकार के ‘विकसित राजस्थान’ संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

₹23,500 करोड़ की विकास परियोजनाएँ

प्रधानमंत्री अजमेर से प्रदेशभर के लिए करीब ₹23,500 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, रेलवे, पेयजल, ऊर्जा, नए हाईवे, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं।

इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार शाम जयपुर में उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बैठक में मंत्री और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री कार्यक्रम की हर बारीकी पर चर्चा कर जनसभा को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।


Content Editor

Anil Jangid

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News